उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले में जांच शुरू

तीन सदस्यीय टीम ने की हॉस्पिटल संचालक से पूछताछ, लिए बयान

सिकंदराराऊ । कस्बा के कासगंज रोड स्थित जाह्नवी हॉस्पिटल में गर्भपात के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने और बाद में उपचार के दौरान मौत के मामले में जांच शुरू हो गई है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने मामले अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। जांच कमेटी के समक्ष हॉस्पिटल संचालक पेश हुए । जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई और बयान दर्ज किए गए।
बतादे कि क्षेत्र के गांव निहालपुर निवासी 34 वर्षीय बंटी देवी पत्नी जितेंद्र करीब दो माह की गर्भवती थीं। 31 मार्च को पेट दर्द की शिकायत पर परिजन उन्हें इलाज के लिए कासगंज रोड स्थित जाह्नवी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि 5 अप्रैल को अल्ट्रासाउंड के बाद चिकित्सक द्वारा महिला का गर्भपात कराया गया। इस दौरान महिला की हालत गंभीर हो गई और पेट की आंतें बाहर आने जैसी स्थिति बन गई। तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए । जहां सर्जरी की गई। 7 अप्रैल को महिला की हालत पुनः बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शव को लेकर जाह्नवी हॉस्पिटल पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा ,जबकि एसडीएम ने पुलिस की मौजूदगी में हॉस्पिटल को सील कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ. राजीव रॉय ने एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी में डॉ. प्रीती शर्मा और डिप्टी सीएमओ डॉ. एमआई आलम सदस्य हैं। जांच कमेटी जाह्नवी हॉस्पिटल पर पहुंची । जहां हॉस्पिटल संचालक से घंटो तक पूछताछ की गई और उनके बयान भी दर्ज किए गए। इस संबंध में एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने बताया कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों को रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। जांच कमेटी अब पीड़ित परिवार के बयान भी दर्ज करेगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment