शादी समारोह के दौरान वाहन निकालने को लेकर युवक को पीटकर किया घायल

सिकंदराराऊ । कस्बा के जी टी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के निकट शादी समारोह के दौरान वाहन निकालने को लेकर नामजदों ने एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार पुत्र प्रेम सिंह, निवासी साई विहार सारसौल थाना बन्नादेवी जनपद अलीगढ़ ने दी तहरीर में कहा कि वह 25 अप्रैल की रात्रि करीब 12:05 बजे अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। जब वह जी टी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के समीप अपनी गाड़ी निकाल रहे थे, तभी सामने से इन्द्रपाल पुत्र अशोक, निवासी नौरंगाबाद पूर्वी थाना सिकंदराराऊ ई रिक्शा लेकर आ रहा था। पीड़ित ने ई रिक्शा साइड से हटाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इन्द्रपाल गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया। कुछ देर बाद इन्द्रपाल अपने भाइयों सोनू, संदीप और अपनी पत्नी के साथ वापस आया। आते ही उन्होंने धर्मेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागा। जाते समय आरोपियों ने उसे दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment