आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को मथुरा बरेली मार्ग पर रख लगाया जाम:एसडीएम ,सीओ मौके पर पहुंचे

सिकंदराराऊ। हाथरस रोड स्थित गांव चमरौली गांव के निकट सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई जबकि पुत्र समेत दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव मथुरा बरेली मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर सीओ, एसडीएम पुलिस के साथ-साथ मौके पर पहुंचे । इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच काफी देर तक तीखी बहस और हंगामा चलता रहा। बाद में अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह 9 बजे करीब 35 वर्षीय मोनू यादव अपने 10 वर्षीय पुत्र अमोल और गंगासिंह के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव रजापुर थाना हसायन लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव चमरौली के समीप मंदिर पर पहुंचे । जहां गंगासिंह को उतारने के लिए उन्होंने बाइक रोकी, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने तीनों को रौंद दिया। हादसे में मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय पुत्र अमोल यादव और 36 वर्षीय गंगासिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई ।आनन फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने मृतक का शव मथुरा बरेली मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। महिलाओं सहित ग्रामीणों ने वहीं तंबू लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मुख्य मांग चमरौली-रजापुर मार्ग पर हाईवे के पास अंडरपास निर्माण की है, ताकि स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और मंदिर आने-जाने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर अंडरपास की मांग लंबे समय से की जा रही है और कई बार प्रदर्शन भी हो चुके , लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है । जिसके चलते ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
सूचना मिलने पर सीओ जे एन अस्थाना, एसडीएम संजय कुमार, कोतवाली पुलिस के साथ-साथ आसपास के थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर तैनात की गई। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच काफी देर तक तीखी बहस और हंगामा चलता रहा। बाद में अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।












