
सिकंदराराऊ । कस्बा के जी टी रोड स्थित एलआईसी ऑफिस के निकट सोमवार को नाले की सफाई कराने पहुंचे नगर पालिका के जमादार के साथ एक नामजद युवक ने मारपीट कर दी । घटना से सफाई कर्मियों में आक्रोश पनप गया । सफाई कर्मी एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे । जहां आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को पीड़ित ने तहरीर दी है ।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बरसात से पूर्व कस्बा के नालों की सफाई जे सी बी मशीन से नगर पालिका द्वारा कराई जा रही है। सोमवार को नगर पालिका के जमादार दिनेश चंद्र अपने साथियों के साथ जी टी रोड स्थित एल आई सी ऑफिस के पास आसिफ पुत्र गेंदा की दुकान पर पहुंचे । जहां जमादार ने नाले पर पड़े पत्थर को हटाने के लिए आसिफ से कहा। बस इसी बात से आसिफ क्रोधित हो गया और गाली गलौज कर जमादार के साथ मारपीट कर दी । घटना से सफाई कर्मियों में आक्रोश पनप गया। सफाई कर्मी एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे । जहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की । आक्रोशित सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। जिससे कस्बा की सफाई व्यवस्था चौपट हो जाएगी।












