शादी में आये इकलौते पुत्र को अज्ञात वाहन ने रौंदाः मौतः कोहराम

हाथरस थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा महौ में बीती रात्रि को एक शादी समारोह के दौरान शादी की खुशियां गम में बदल गई और बारात में आए एक इकलौते बालक की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से 9 वर्षीय मासूम की मौत हो जाने से परिवार में भारी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कोतवाली सिकन्द्राराऊ क्षेत्र के गांव पोरा से कल शाम को बारात कस्बा महौ में आयी थी और उक्त बारात में शामिल होने के लिए अपने घर का इकलौता चिराग 9 वर्षीय पवन पुत्र श्याम सिंह निवासी गांव पोरा सिकंद्राराऊ भी आया था तथा पवन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और कक्षा तीन का छात्र था। परिजन मेहनत -मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है पवन अपने गांव से महौं में एक बारात में शामिल होने आया था। देर शाम वह कुरकुरे आदि खरीदने के लिए बाहर निकला था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल बच्चे को उपचार हेतु जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment