
मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव शीतला में एक युवक द्वारा आत्महत्या कर लेने से भारी सनसनी फैल गई और घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल थाना पुलिस पहुंच गई और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव शीतला निवासी करीब 32 वर्षीय युवक कलुआ मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। बताया जाता है गत 27 मार्च को उसने नशे की हालत में अपने घर के अंदर फांसी लगा ली। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया। कुछ दिनों तक इलाज के बाद उसकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ, जिसके बाद परिजन उसे वापस गांव ले आए। लेकिन बीती देर रात अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।












