
सिकंदराराऊ । कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला सोरों गेट में एक घर में गत 3 अप्रैल को दबिश देकर करीब 290 किलो अज्ञात पशु का मीट बरामद किया । पुलिस को देख आरोपी भाग गए। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया । उक्त मामले में एसआई ने पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसआई श्रीचंद्र सिंह सोम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि वह कस्बा पुरदिलनगर में 3 अप्रैल की सुबह अपने हमराहो के साथ गस्त में मामूर थे। तभी उन्हें जरिए मुखबिर सूचना मिली कि मोहल्ला सोरों गेट निवासी बंटी पुत्र मोहम्मद सईद के घर में भारी मात्रा में किसी पशु का मीट काटा गया है । सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारी मात्रा में पशु का मीट बरामद किया । इस दौरान पुलिस टीम को देख घर में मौजूद आरोपी भागने लगे । पुलिस ने मौके से सोहेल पुत्र मोहम्मद सईद को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि घर में शादी होने के चलते उसने अपने भाई बंटी, फैजान , राजू ,बबलू के साथ मिलकर दो भैंसों को काटा था। पुलिस ने मौके पर 290 किलो मीट बरामद किया । तत्काल पशु चिकित्सक को भी बुलाया गया। चिकित्सक ने मीट के नमूने को जांच हेतु मथुरा प्रयोगशाला भेज दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।












