गांव नगला मोहन, भोजगढ़ी में सोमवार की देर शाम चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर कुशवाहा समाज द्वारा एक विशाल शोभायात्रा (रैली) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई, जिसके बाद पूरा क्षेत्र ष्सम्राट अशोक अमर रहेंष् के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई इस भव्य शोभायात्रा में सम्राट अशोक के जीवन और उनके द्वारा फैलाए गए शांति व अहिंसा के संदेशों को प्रदर्शित किया गया। रैली गांव के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जहां ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान समाज के वक्ताओं ने सम्राट अशोक के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेम सिंह कुशवाहा (जिलाध्यक्ष, भाजपा) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों ने समाज की एकता और शिक्षा पर जोर देते हुए सम्राट अशोक के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में समस्त कुशवाहा समाज, नगला मोहन का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान खन्ना ठाकुर,प्रशांत कुमार,रवि कुशवाहा, विष्णु कुशवाहा, आदि कुशवाहा समाज के लोगों मौजूद रहे।












