बागला महाविद्यालय में एनएसएस के समीक्षा शिविर में स्वयंसेवक सम्मानित

हाथरस। सेठ फूलचंद बागला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की तीनों इकाइयों के स्वयंसेवकों द्वारा चतुर्थ एक दिवसीय शिविर का आयोजन महाविद्यालय के भूगोल थिएटर में सुश्री अंकिता (कार्यक्रम अधिकारी तृतीय इकाई) के निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. महावीर सिंह छोकर उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के मुख्य अनुशासन अधिकारी डॉ. केन्द्रीय त्रिपाठी तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यदेव पचैरी तथा डॉ. हरिओम (भूगोल) तथा डॉ मुकेश कुमार, डॉ आर्यन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता द्वारा किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना सत्र 2025- 26 के अंतर्गत संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। तत्पश्चात इस शिविर का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर की समीक्षा तथा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव, सीख एवं व्यक्तिगत विचार साझा किए। मुख्य अतिथि प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण एवं सहयोग की भावना का विकास करती है। यह छात्र जीवन में अनुशासन एवं टीम वर्क के महत्व को समझाते हुए व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 स्वयंसेवकों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से प्राचार्य को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। अंत में सभी स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रमुख स्वयंसेवकों में बॉबी, खुशबू, देवांशी, पूजा, शिवानी, हिमांशी, रितु, कुमकुम, डाली, रवि, कपिल, हेमंत, निशांत, मीनू, बबीता, कविता, बुलबुल एवं बंटी आदि शामिल थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment