
हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना में कल रामनवमी मेला के दौरान सदमा में आकर एक महिला की मौत हो जाने की घटना सामने आयी है। बताया जाता है शराब पीने से रोकने पर कुछ युवकों ने एक युवक की पिटाई कर दी। मारपीट में यह गलत सूचना फैल गई कि उक्त युवक की मौत हो गई है। पुत्र की मौत की खबर सुनकर मां को सदमा लग गया और उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में भारी कोहराम मच गया है।
बताते हैं गांव बिसाना निवासी युवक की मौत की गलत सूचना मिलने पर उसकी 60 वर्षीय मां कमला देवी की सदमे से मौत हो गई। उक्त घटना बीती रात मां तारागढ़ मंदिर पर लगे मेले के पास पीतांबर पुत्र खेमकरण सिंह के खेत में हुई। बताया जा रहा है कि कुछ युवक खेत में शराब पी रहे थे। पीतांबर उर्फ पप्पू ने उन्हें रोका और वहां शराब पीने से मना किया। इस पर युवकों ने पीतांबर के साथ जमकर मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।घायल पीतांबर को कुछ लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। इसी दौरान गांव में यह अफवाह फैल गई कि मारपीट में पीतांबर की मौत हो गई है। जब यह गलत सूचना पीतांबर की मां कमला देवी को मिली, तो वह सदमे में आ गईं और मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत किया।पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घायल युवक पीतांबर का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है, जबकि मृतक महिला कमला देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल करते हुये आरोपियों की तलाश कर रही है।












