
हाथरस। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजन हेतु आयोजित कार्यकमों की सूचना न देने को लेकर मंत्री/ अध्यक्ष दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग/राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड उ.प्र. सरकार लखनऊ से बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा ने शिकायत की है।
राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड, उ.प्र. सरकार के सदस्य सागर शर्मा ने शिकायत में कहा है कि 22 मार्च को सुबह 11 बजे से सांसद एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में क्रीडास्थल (जिला स्टेडियम) में भारत सरकार की एडिप योजनान्तर्गत दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण कराये जाने हेतु एक बडे स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होने हेतु मुझे कोई सूचना उपलब्ध नही कराई गई। साथ ही जनपद में समय-समय पर दिव्यांगजनों के हितार्थ आयोजित अन्य किसी भी कार्यक्रम में भी उपस्थित होने हेतु कोई भी सूचना जिला प्रशासन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा नही दी जाती है तथा उनके द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित किये जाने हेतु जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी से कई बार व्यक्तिगत रूप से अनुरोध करने के उपरान्त भी कोई भी संज्ञान नही लिया जाता है।
शिकायत में सदस्य सागर शर्मा ने कहा है कि किसी भी कार्यकम में न बुलाये जाने का एक महत्वपूर्ण कारण यह है कि मैं किसी भी दिव्यांग के हितार्थ कोई भी आवाज न उठा सकूं और ना ही दिव्यांगजनों की समस्या का निराकरण कराये जाने हेतु जिला प्रशासन से अनुरोध कर सकूं। उन्होंने कहा है कि वह राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड लखनऊ में एक सदस्य के रूप में नामित हैं और यह उनका ही नही अपितु राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड का भी अनादर है। उन्होंने अनुरोध है किया है कि उक्त विषय पर संज्ञान लेते हुये ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करें।












