देवी मंदिरों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

सिकंदराराऊ । चैत्र नवरात्र के चौथे दिन देवी भक्तों ने रविवार को श्रद्धा के साथ घर घर में अग्यारी कर माँ कूष्मांडा देवी की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। भोर से ही देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना करने को श्रद्धा का सैलाब उमड़ा । कस्बा के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्धपीठ माँ ब्रजेश्वरी पथवारी माता मन्दिर ,काली माता मंदिर , पीपल वाली माता मंदिर ,चामुंडा देवी मंदिर ,संतोषी माता मंदिर, केला माता मंदिर पर माता रानी के दर्शन करने को भोर से ही देवी भक्तों का तांता लगा रहा। देवी की पूजा अर्चना करने को भक्तो में खासा उत्साह नजर आया। देवी भक्तों ने उपवास रखकर घरों एवं मंदिरों में श्रद्धा पूर्वक माता रानी की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। शाम को मन्दिरो में माँ भगवती के नयनाभिराम श्रृंगार सजाए गए। दर्शन करने को मन्दिरो पर भक्तो का तांता लगा रहा। मंदिरों से लेकर घरों तक भक्ति की बयार बही । मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया । देवी माँ के जयघोषों से कस्बा का वातावरण भक्तिमय हो गया।












