
सिकंदराराऊ । चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को घर घर में माँ भगवती के दूसरे स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी की भक्तो द्वारा पूजा अर्चना की गई । प्रातः भोर से ही देवी मंदिरों पर हाथ में जलाभिषेक का लौटा एवं अग्यारी का हवन कुंड लिए माता रानी के भक्तों की कतारें मां की एक झलक पाने को आतुर नजर आ रही थी । जबकि इस दौरान हो रही बरसात में आस्था के समुद्र की लहरें भारी दिखाई दी। क्षेत्र के सुविख्यात सिद्ध पीठ पथवारी माता मंदिर, चामुंडा मंदिर, पीपल वाली माता, काली माता मंदिर , संतोषी माता मंदिर ,केला माता मंदिर पर भक्तों की लंबी लंबी कतारें देखी गई । मां बृजेश्वरी पथवारी माता मंदिर पर माँ भगवती के नयनाभिराम मनोहारी श्रृंगार किए गए । मंदिर में संध्या कालीन बेला में महिला मंडली द्वारा आधुनिक बाद यंत्रों से माता रानी के भजनों का गुणगान किया । माता रानी के दर्शनों को श्रद्धालुओ की खासी भीड़ उमड़ी। देवी भक्तों ने उपवास रख कर माता रानी की विधि पूर्वक पूजा अर्चना कर परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। देवी मंदिरों को रंग बिरंगी विद्युत झालरो से सजाया गया । वहीं शाम को माता रानी के अलौकिक श्रृंगार भी सजाए गए। माता रानी के दर्शन करने को मंदिरों में श्रद्धालुओ की खासी भीड़ उमड़ी । महामाई के जयघोषों से कस्बा का वातावरण भक्तिमय बना रहा ।












