सासनी-इगलास मार्ग पर पानी की टंकी के निकट गुरुवार को एक टेम्पू मे छोटा हाथी लोडर ने टक्कर मार दी जिससे टेम्पों क्षतिग्रस्त हो गया. टेम्पू मे बैठे एक बच्चे और तीन युवतियों सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सवारियों से भरा एक टेंपो सासनी से इगलास की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार छोटा हाथी लोडर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद छोटा हाथी लोडर वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों की पहचान 11 वर्षीय राहत पुत्र संजू निवासी मुकंदखेड़ा, 20 वर्षीय तुलसी पुत्र केदारी लाल निवासी नगला गड्डू 19 वर्षीय पिंकी पुत्री रामवीर निवासी बसगोई, 19 वर्षीय रिया पुत्री रवि पाठक और 43 वर्षीय सोनम पत्नी रवि निवासी गांव छौंड़ा के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिया और पिंकी की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि घायल पिंकी अलीगढ़ के डीएस कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है और वह कॉलेज से अपने घर लौट रही थी। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।












