आज की महिलायें अबला नहीं सबला हैं- वकील वाष्र्णेय.

हाथरस अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति द्वारा महिला शक्ति सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन एनएल पब्लिक स्कूल रूपनगर कालोनी पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश सिसौदिया, प्रदेश सचिव कुसुमलता शर्मा, नायब तहसीलदार सदर प्रतीक्षा कटारा तथा विशिष्ट अतिथि महिला थानाध्यक्ष श्रीमती ऋतु तौमर ने मां सरस्वती के छविचित्र पर माल्यार्पण कर के किया।
कार्यक्रम में सभी मुख्य अतिथियों द्वारा अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए। इसी क्रम में महिला थाना अध्यक्ष रितु तोमर द्वारा अपने उदबोधन में महिला शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज के युग में महिलाओं को सोशल मीडिया से थोड़ा बच के रहना चाहिए एवं सभी महिलाएं अपनी बेटियों को भी सोशल मीडिया से दूर रखें एवं उनकी पढ़ाई लिखाई व उनके संस्कारों पर ध्यान दें तथा सभी बच्चियों को संदेश दिया कि कहीं भी कोई किसी प्रकार की उनके साथ अप्रिय घटना होती है तो तुरंत घर में अपनी माता, बहन को बताएं एवं थाने में आकर शिकायत करें। फेडरेशन व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल द्वारा अपने उद्बोधन में महिलाओं को सुझाव दिया कि उन्हें हमेशा अपनी सुरक्षा के लिए अपने साथ कुछ ना कुछ उपकरण साथ रखें एवं गलत का तुरंत विरोध करें।
पूर्व जिला महासचिव वकील वाष्र्णेय द्वारा अपने उद्बोधन में कहा कि आज की महिला अबला नहीं सबला है एवं हर क्षेत्र में महिलाओं का पूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में समाजसेवी शालिनी पाठक, रीना, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा सरिता कौशिक,कंचन शर्मा, डॉ. ऋचा शर्मा, अनुराधा, अनीता सिंह, मनीषा गोस्वामी, बबिता शर्मा आदि अनेक मातृशक्ति ने अपने विचार व्यक्त किये। कवियत्री मनु दीक्षित ने अपनी ओजस्वी कविता से महिलाओं का मार्गदर्शन किया।
इस मौके पर 101 महिलाओं को सम्मान पत्र देकर व पटका पहना कर सम्मानित किया गया। नीरू राना ने सभी को मिष्ठान वितरित किया। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष रन सिंह सिसोदिया व सुषमा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में विद्यालय प्रबंधक मुकेश बघेल ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अंकुर जिला सचिव, शैलेन्द्र भारद्वाज, सुरेश अग्रवाल व विद्यालय प्रशासन का विशेष सहयोग रहा।












