सासनी. रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर जहाँ पूरा देश उत्सव में डूबा है, वहीं सासनी में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जीव सेवा और सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए एक अनूठी मिसाल पेश की। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पराग डेयरी स्थित गौशाला पहुँचकर गौ माता की सेवा की और उन्हें भारी मात्रा में ताजी सब्जियाँ खिलाईं।
इस पुनीत कार्य का नेतृत्व कर रहे बजरंग दल के प्रखंड संयोजक अंकित उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम और करुणा के विस्तार का माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म में गौ माता पूजनीय हैं और उनकी सेवा से ही समाज में सुख-समृद्धि आती है। अंकित उपाध्याय की सक्रियता और धर्म के प्रति निष्ठा ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित प्रखंड सह-संयोजक विक्की कुशवाहा ने कुशल प्रबंधन के साथ कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी बेजुबानों की सेवा में ही निहित है। बजरंग दल का प्रत्येक कार्यकर्ता धर्म की रक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। इस मोके पर डॉ. अमित भार्गव (जिला उपाध्यक्ष, विहिप हाथरस)
हेमंत कौशल (प्रखंड उपाध्यक्ष),जगदीश प्रसाद शर्मा (प्रखंड मंत्री), विक्की कुशवाहा (प्रखंड सह-संयोजक),जय पाल सिंह कुशवाहा, सचिन भार्गव (प्रखंड सह मंत्री), जितेंद्र कुशवाहा, प्रवीण कुशवाहा, राहुल कुशवाहा आदि शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अपनी अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे। गौ सेवा के इस भावपूर्ण आयोजन की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है।












