
हाथरस-24 फरवरी। शहर के मधुगढ़ी स्थित होटल पर कारीगर द्वारा कथित रूप से थूक लगाकर रोटी बनाने का मामला गरमा गया है। इस विवाद में सपा सांसद रामजीलाल सुमन आज फिर हाथरस पहुंचे और उनकी मौजूदगी में पुलिस ने होटल मालिक के घायल बेटे आसिफ का डॉक्टरी मुआयना कराया है। आसिफ ने बजरंग दल के पदाधिकारियों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उक्त प्रकरण में सांसद रामजीलाल सुमन को जानकारी मिली थी कि होटल का संचालन बंद कर दिया गया है, लेकिन होटल स्वामी के घायल बेटे की रिपोर्ट अभी तक दर्ज नहीं हुई है। कल भी सुमन ने होटल पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी।होटल संचालक शहाबुद्दीन अंसारी ने बताया था कि यह वीडियो फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल के कुछ पदाधिकारियों ने उनसे एक लाख रुपये की चैथ मांगी थी। चैथ न देने पर मुकदमा दर्ज करा दिया। उनके दूसरे बेटे आसिफ के साथ जमकर मारपीट की थी। आज सांसद रामजीलाल सुमन जिला अस्पताल पहुँच गए और उनकी मौजूदगी में पुलिस ने घायल आसिफ का डॉक्टरी मुआयना कराया। आसिफ ने इस मामले में बजरंग दल के कुछ नामजद लोगों व 15-20 अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने सांसद सुमन को बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि हाथरस में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। गुण-दोष के आधार पर कार्यवाही होनी चाहिए। वीडियो में कहीं भी थूक जैसी बात नजर नहीं आ रही। फिर भी मुकदमा दर्ज कर दिया गया। सुमन ने घायल युवक को साथ लेकर एसपी से भी मुलाकात की और इस मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग की। इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव बृजमोहन राही एडवोकेट, लल्लन बाबू एडवोकेट, धर्मेंद्र यादव तथा होटल संचालक का पुत्र मौजूद थे।












