होटल प्रकरण में विहिप बजरंग दल ने की प्रशासन से कार्यवाही की मांगःआरोप किये खारिज

हाथरस-24 फरवरी। शहर के मधुगढ़ी स्थित होटल प्रकरण अब गरमाता जा रहा है और आज विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा प्रेस वार्ता कर प्रकरण से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के उपरांत विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल पदाधिकारियों द्वारा कार्यवाही की मांग की गई है।
पत्रकार वार्ता में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि वायरल वीडियो में एक कर्मचारी द्वारा भोजन को जानबूझकर अशुद्ध करते हुए परोसने का कृत्य दिखाई दे रहा है। यदि वीडियो की सत्यता जाँच में प्रमाणित होती है, तो यह न केवल खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ भी सीधा खिलवाड़ है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएँ समाज में आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए। दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में कठोर कार्यवाही की जाए। यदि प्रबंधन की संलिप्तता या लापरवाही पाई जाती है तो उनके विरुद्ध भी विधिक कार्यवाही की जाए।
प्रेस वार्ता में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारियों द्वारा जनहित में क्षेत्र के अन्य होटलों/ढाबों की भी औचक जाँच कराई जाने की मांग की। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि पूर्व में भी क्षेत्र में इस प्रकार की घटना प्रकाश में आई थी, अतः प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त एवं उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्यवाही करनी चाहिए, जिससे भविष्य में पुनरावृत्ति न हो।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि संगठन ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार का सामाजिक वैमनस्य फैलाना नहीं, बल्कि जन-स्वास्थ्य और विधि-व्यवस्था की रक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही पदाधिकारियों ने निजाम होटल द्वारा एक लाख रुपए की मांग को खारिज करते हुए कहा कि अगर ऐसा है तो सबूतों को सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि इस तरह के जिहादी मानसिकता के लोगों का बहिष्कार किया जाये।
पत्रकार वार्ता में विश्व हिंदू परिषद विभाग संगठन मंत्री उमाकांत, जिला संगठन मंत्री देवराज, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष कैलाश कूलवाल, जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, सहमंत्री अमरदीप, विभाग संयोजक बजरंग दल हर्षित गौड़, जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री, जिला सह सुरक्षा प्रमुख शिवम शर्मा, जिला सह मीडिया प्रभारी तरुण शर्मा, विश्व हिंदू परिषद नगर सह मंत्री विजय गुप्ता, नगर सह संयोजक बजरंग दल लक्ष्मण दीक्षित, राम यादव नगर प्रसार प्रमुख आदि मौजूद थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment