परशुराम जी के विशाल रथ के पुनर्निर्माण का कार्य पूर्णता की ओर

नवशक्ति स्वरूप से सुसज्जित भगवान परशुराम जी का रथ व सिंहासन होगा आकर्षण का केंद्र

हाथरस-18 फरवरी। विप्रकुल शिरोमणि एवं ब्राह्मण समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा महोत्सव को लेकर भगवान परशुराम जी के रथ के पुनर्निर्माण का कार्य अब लगभग पूर्ण होने पर है। वहीं भगवान परशुराम जी के सिंहासन, ध्वज पताकायें आदि के साथ भव्य, दिव्य रंगीन लाइटों के साथ रथ को सजाया व संवारा जा रहा है।
उक्त संबंध में अखिल ब्राह्मण सेवा मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजीव उपाध्याय द्वारा बताया गया है कि चरण वद्ध तरीके से शुरू रथ का कार्य निरन्तर जारी होकर धीरे-धीरे अपने गन्तव्य की ओर बढ़ रहा है। समाज के वैचारिक सहयोग व समर्थन से रथ के जीर्णोद्धार में भी आमूलचूल परिवर्तन किये जा रहे हैं। नवम ध्वज वाला रथ लगभग तैयार हो गया है। विभिन्न ब्राह्मण बुद्धिजीवियों से मन्थन करके 9 ध्वज रथ का आवरण इसलिए निश्चित किया गया, क्योंकि नवसंवत्सर से शुरू शोभायात्रा नवमी का आगाज भी करती है। 9 शक्ति स्वरूप से विराजमान भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा ब्रह्मा, विष्णु, महेश के 3 कलश की प्राचीर पर हनुमान जी द्वारा धारित मुख्य ध्वज से शोभायमान होकर नगर भ्रमण करने पर दर्शन का आनंद ही अलग होगा।
उन्होंने बताया है कि भगवान परशुराम जी के विशाल रथ के अग्र भाग में भगवान शिव कलशों पर त्रिशूलों से सुशोभित नकारात्मक ऊर्जा प्रभाव को समाप्त करते हुए यह रथयात्रा अपने मार्ग से शोभायमान होकर गाजे बाजे के साथ नगर भ्रमण करेगी। समाज के बन्धुओं से प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखकर रथ जीर्णोद्धार करने में ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पं. योगेन्द्र शर्मा योगा पंडित ने जो साहसिक कदम उठाकर भगवान परशुराम जी के रथ का जीर्णोद्धार किया है, उसके लिए वह प्रशंसा के पात्र हैं। रथ जीर्णोद्धार में सहयोग के लिए वह सभी ब्राह्मण बन्धुओं को प्रणाम व धन्यवाद देते हैं। जिन्होंने एक ऐसे असंभव कार्य को भी संभव करा दिया जिसको पूर्ण होने की आशा ही त्याग दी थी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment