
सिकंदराराऊ। भारतीय जनता पार्टी में सच्चे सिपाही के रूप में वर्षो तक संगठन की सेवा करने वाले भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष ब्रजकिशोर सराफ निवासी मोहल्ला बगिया बारहसैनी का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से सिकंदराराऊ में शोक की लहर दौड़ गई। इनके निधन से भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति मानी जा रही है। स्वर्गीय बृजकिशोर सराफ की सिकंदराराऊ में भाजपा को मजबूत करने में विशेष भूमिका रही । उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में नगर इकाई ने अनेक आंदोलन कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को सफलतापूर्वक संपन्न किया। वे पार्टी की विचारधारा के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। उनके सरल सौम्य स्वभाव और संगठनात्मक क्षमता के कारण वे कार्यकर्ताओं में अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियो एवं कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्यक्त किया ।उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया । कस्बा की राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की ।












