हाथरस।आगामी 15 सितंबर से प्रारम्भ होने वाले ब्रज के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक 115वें विशाल लक्खी राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव -2026 के भव्य, सुव्यवस्थित एवं सकुशल आयोजन के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों की रूपरेखा एवं सुझावो के सम्बन्ध में आज कलेक्ट्रेट सभागर में बैठक करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मेले में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौंपे गए सभी दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
मेले के समूचे परिसर में व्यापक साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपजिलाधिकारी सदर को लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम पूर्व अनुमति प्राप्त होने के साथ-साथ निर्धारित कार्यक्रम कैलेंडर में शामिल होने चाहिए। यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रवेश एवं निकास मार्ग अलग-अलग निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रियाएं समय से पूर्ण कराने, विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, उच्च क्षमता के जनरेटर स्थापित करने तथा मेले के विभिन्न क्षेत्रों में पावर सप्लाई के लिए पृथक चेंजओवर व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी सदर एवं मेला अधिकारी ने गत वर्ष आयोजित मेले की व्यवस्थाओं तथा आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में दंगल, अ. भा. कवि सम्मेलन, संगीत सम्मेलन, मुशायरा, लाफ्टर शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि मेला परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था नगर पालिका परिषद एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा, जबकि पेयजल एवं जल निकासी की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा कराई जाती है। इसके अतिरिक्त सड़कों की मरम्मत, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विद्युत सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिवक्तागण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।












