रथ पर विराजमान होकर निकले भगवान, कस्बा में गूंजा जय जय जगन्नाथ: श्रद्धालुओं ने जगह – जगह पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

सिकंदराराऊ। गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी रविवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। रथ यात्रा का शुभारंभ कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर से भगवान जगन्नाथ की मंगला आरती के बाद भोग लगाकर किया गया । रथ पर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलभ्रद के स्वरूपों को वेद मंत्रों के साथ मंदिर से निकालकर विराजमान किया गया। तीनों स्वरुपों के रथ पर विराजमान होते ही जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। रथ के आगे ढोल मजीरो के साथ वृंदावन से आए संकीर्तन मंडल भक्ति गीत गाते हुए साथ चल रहे थे।
हरे राम हरे कृष्णा जय जगन्नाथ का उद्घोष पूरे कस्बा में गूंज रहा था । कस्बा भ्रमण के दौरान जगह-जगह लोग रथ खींचकर उत्साहित नजर आ रहे थे। भगवान के रथ में लगे देशी व विदेशी फूल इसे और भी शोभायमान कर रहे थे । पूरा कस्बा भगवान जगन्नाथ के रंग में रंगा नजर आ रहा था। भक्तों के होठों पर जय जय जगन्नाथ स्वामी का जयकारा गुंजायमान हो रहा था। रथ यात्रा कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद, हुरमतगंज, राठी चौराहा,बड़ा बाजार, नयागंज बाजार, गौसगंज , दमदमा, पुरानी सब्जी मंडी रोड, जी टी रोड आदि मार्गो से होती हुई गुजरी । कस्बा भ्रमण के दौरान जगह – जगह श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की आरती उताकर भव्य स्वागत किया एवं पुष्प वर्षा भी की । रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह जगह प्रसादी भी वितरित की। जिससे कस्बा का वातावरण भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर हो गया । रथ यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया ।
कस्बा भ्रमण के बाद रथ यात्रा का समापन कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर पर पहुंचकर हुआ । रथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर कस्बा में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा । रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान सीओ अमित पाठक, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा भारी पुलिस एवं पीएसी बल के साथ संभाले हुए थे ।












