मायके पक्ष ने लगाया दहेज की मांग न पूरी होने पर हत्या का आरोप:घटना के बाद आरोपी ससुरालीजन हुए फरार:मृतका विवाहिता चार माह की थी गर्भवती
सिकंदराराऊ। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव बस्तोई में चार माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। मृतका के मायके पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
कंचीलाल निवासी गांव नगला किला जनपद अलीगढ़ ने दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री पूनम की शादी 24 नवंबर 2024 को गांव बस्तोई निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति समेत ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर पूनम का उत्पीड़न करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी पूनम के साथ मारपीट की जा रही है। इस पर उनकी पत्नी और बेटा उसकी ससुराल पहुंचे, जहां आरोपितों ने उनके साथ और ड्राइवर के साथ भी गाली-गलौज व मारपीट की। मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की कार्रवाई के दौरान मृतका के भाई और ड्राइवर का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। आरोप है कि शाम को उनके लौटने से पूर्व ही चार माह की गर्भवती पूनम की हत्या कर दी गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।











