बाइक सवार द्वारा हॉर्न बजाकर साइड मांगने पर दबंगों ने की मारपीट

सिकंदराराऊ । कस्बा के रोडवेज बस स्टैंड के निकट बुधवार को बाइक सवार दबंगों ने दूसरी बाइक सवार दो युवकों को जमीन पर गिरा गिरा पीटा। जिससे मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और कुछ देर के लिए जी टी रोड पर दोनों ओर यातायात प्रभावित हो गया । घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग जाने में सफल हो गए। घटना के बाद गुस्साए युवकों ने जी टी रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझा कर मामले को शांत कराया ।
बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर 2 बजे करीब एटा की ओर से कुछ दबंग युवक बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। जैसे ही दबंग रोडवेज बस स्टैंड के पास पहुंचे । तभी पीछे से दूसरी बाइक पर सवार होकर आ रहे युवक ने साइड मांगने को बाइक का हॉर्न बजाया। हॉर्न बजाने पर बाइक सवार दबंग कुपित हो गए। दबंगों ने दूसरी बाइक सवार युवक को बाइक से उतार लिया और उसे जमीन पर गिरा गिरा कर पीटा। यही नहीं दबंगों ने युवक को बचाने को आए उसके दूसरे बाइक सवार युवक को भी चलती बाइक से गिरा लिया और उसे भी जमकर पीटा। मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिससे जी टी रोड दोनों ओर वाहनों लंबी लंबी कतार लग गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी दबंग युवक मौके से भागे गए। घटना के बाद पीड़ित युवकों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित युवकों को समझा बुझाकर शांत किया और जाम को खुलवाया । पुलिस मामले की पड़ताल करने में जुट गई है। दबंगों द्वारा की गई मारपीट की घटना का बाजार लोगो के बीच पूरे दिन गर्म रहा।












