तेज रफ्तार रोडवेज बस लोहे से लदे ट्रक में जा घुसी, 18 यात्री घायल ,1 यात्री की मौत तेज रफ्तार रोडवेज बस लोहे से लदे ट्रक में जा घुसी, 18 यात्री घायल ,1 यात्री की मौत


दो यात्रियों की हालत नाजुक होने पर किया रेफर फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी रोडवेज बस गांव अरनोट के निकट हुआ हादसा

सिकंदराराऊ । एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव अरनोट के निकट बुधवार की तड़के एक तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े लोहे से लदे ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक यात्री की मौते हो गई। वहीं 18 यात्री घायल हो गए। बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। जिसमें कुल 20-25 यात्री सवार थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर दो घायल यात्रियों को अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है।
बताया जाता है कि कौशांबी डिपो की एक रोडवेज फर्रुखाबाद से 20-25 यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। बुधवार की तड़के 3 बजे करीब जैसे ही रोडवेज बस अलीगढ़ रोड स्थित गांव अरनोट के समीप पहुंची। तभी बस का चालक बस से अपना नियंत्रण खो बैठा जिसके परिणाम स्वरुप बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोहे से लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार मचने लगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया । हादसे में बस में सवार रंजीत पुत्र लालाराम निवासी फर्रुखाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 18 यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने टक्कर की आवाज को किसी विस्फोट जैसा बताया। टक्कर की आवाज सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक एवं कोतवाल शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद, सुरक्षित यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घायलों में फर्रुखाबाद निवासी दीपक पुत्र प्रमोद कुमार उम्र 22 वर्ष और अमित कुमार पुत्र फूल सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी गांव अमृतपुर जिला फर्रुखाबाद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बस में सवार एक यात्री ने बताया कि बस चालक ने रास्ते में अलीगंज स्थित एक होटल पर खाना खाया था और कथित तौर पर शराब भी पी थी। यात्री का आरोप है कि यात्रियों द्वारा विरोध करने के बावजूद चालक तेज और लापरवाही से बस चलाता रहा। यात्री ने यह भी बताया कि रास्ते में दो-तीन बार हादसा होते-होते बचा और अंततः सिकंदराराऊ के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। बस चालक के शराब के नशे में होने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या परिवहन विभाग द्वारा अभी तक नहीं की गई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment