सीएचसी हसायन में प्रसव के बाद नवजात को सौंपने के बदले 1400 रुपए मांगे , सोशल मीडिया पर वीडियो हो रहा वायरल

सिकंदराराऊ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन में एक महिला प्रसूता के परिजनों से 1400 रुपये की अतिरिक्त वसूली का आरोप है । जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना शासन के निःशुल्क प्रसव के आदेशों के बावजूद हुई है। प्रसूता के पति ने स्वास्थ्य चिकित्सा विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि 12 जुलाई की देर रात करीब 10:30 बजे गांव इनायतपुर निवासी राहुल कुमार पुत्र सोबरन सिंह अपनी पत्नी रामादेवी को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन लेकर आए थे। 13 जुलाई की रात 12:30 बजे रामादेवी ने बेटी को जन्म दिया। यह उनकी दूसरी बेटी है। प्रसव प्रक्रिया पूरी होने के बाद,रात्रि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने नवजात शिशु को परिजनों को सौंपने के नाम पर 1800 रुपए की मांग की। राहुल कुमार और उनके बड़े भाई देवेंद्र कुमार ने पहले 700-800 रुपये देने की कोशिश की, लेकिन नर्स ने लेने से इनकार कर दिया। इससे पहले, स्टाफ नर्स ने प्रसव पीड़ा के दौरान बाहर के मेडिकल स्टोर से दवा लाने के लिए एक पर्ची भी दी थी। रात में मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण दवा उपलब्ध नहीं हो पाई। इस पर स्टाफ नर्स ने अपने पास से दवा लगाने के नाम पर 400 रुपए लिए। शिशु को परिजनों को सौंपने के दौरान स्टाफ नर्स ने आशा कार्यकत्री के माध्यम से 1400 रुपए की मांग की। इसमें हजार रुपए डिलीवरी चार्ज, 200 रुपए फॉर्म और 200 रुपये नार कटाई के नाम पर बताए गए। परिजनों ने बताया कि उन्होंने स्टाफ नर्स को कुल 1350 रुपए दिए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टाफ नर्स ने उनसे कहा था कि यदि सुबह 8 बजे तक 1400 रुपए दे दिए जाते हैं, तो तुरंत छुट्टी दे दी जाएगी, अन्यथा 48 घंटे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती रखा जाएगा। गौरतलब है कि इसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुछ दिन पूर्व बुखार से पीड़ित एक माह के मासूम बच्चे को एक्सपायरी डेट की दवा दिए जाने का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं से स्वास्थ्य विभाग में जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध वसूली का सिलसिला जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। इस संबंध में नवागत प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वरूण चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वारयल हो रहे वीडियो की जांच कराई जाएगी । जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment