सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी निवासी 25 वर्षीय युवक की बीती रात विद्युत करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी निवासी मुन्नन कुरैशी का 25 वर्षीय पुत्र राहिद शनिवार की रात्रि 9: 30 बजे करीब पुरदिलनगर मार्ग स्थित अपनी दुग्ध डेरी पर बैटरी चार्जिग पर लगा रहा था । तभी अचानक उसे करंट लग गया और युवक अचेत होकर नीचे जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने जब युवक को अचेतावस्था में देखा तो उनमें हड़कंप मच गया। मामले की सूचना युवक के परिजनों को दी गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। आनन फानन में परिजन उसे अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों द्वारा युवक का उपचार किया गया। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजन युवक का शव वापस घर पर लेकर पहुंचे। युवक का शव घर पर पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया और मौके पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। रविवार की सुबह परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतक के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।












