हाथरस। संस्कृत संस्थानम लखनऊ भाषा विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा छात्रों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि उत्पन्न करने, उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने और प्राचीन भारतीय संस्कृति का संरक्षण करने हेतु संस्कृत प्रतिभा खोज 2026 का आयोजन पूरे प्रदेश भर में किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनपद, मंडल, एवं राज्य स्तर पर संस्कृत गीत, संस्कृत सामान्य ज्ञान, संस्कृत भाषण , श्लोकअंताक्षरी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन सभी प्रतियोगिताओं में कक्षा 6 से 12 तथा स्नातक तक के विद्यार्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते है।
उक्त संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. वीना आर्य ने बताया है कि जनपद स्तरीय प्रतियोगिता हाथरस में श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी तथा इन प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर 1000रुपये तक, मंडल स्तर 3000 तथा राज्य स्तर पर 11000 रुपये तक पुरस्कार राशि, सर्टिफकेट तथा मोमेंटो दिए जाएंगे।
इसके लिए 10 जुलाई से आवेदन प्रारंभ हो चुके है इच्छुक छात्र – छात्राएं https://upsanskritpratibhakhoj.com पर जाकर 15 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। मुख्यतः यह प्रतियोगिता निःशुल्क है, आवेदन करने वाले प्रतियोगियों को किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना है।












