
सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला बगिया बारहसेनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर पर बुधवार को
25 वीं वर्षगांठ धूमधाम के साथ मनाई गई। मंदिर पर ठाकुर जी की 25 वीं रजत जयंती के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हुआ। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक विपिन श्याम दीवाना और देवू श्याम दीवाना ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। राधा-कृष्ण के भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर देर रात तक गूंजता रहा। भक्ति गीतों पर महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु झूमते नजर आए। आयोजन के तहत ठाकुर जी का अलौकिक श्रृंगार किया गया एवं भव्य फूल बंगला, इत्र वर्षा तथा छप्पन भोग का विशेष आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ भाग लिया। ठाकुर जी के दर्शन को मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ । जिसमें क्षेत्र एवं आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। आयोजको ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना,आपसी प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं । कार्यक्रम में मनीष वार्ष्णेय, राहुल वार्ष्णेय,
कृष्ण गोपाल, निधिशराज वार्ष्णेय, हिमांशु वार्ष्णेय,अखिल वार्ष्णेय, कृतांक वार्ष्णेय, तन्नु वार्ष्णेय,देव वार्ष्णेय,बृजेश वार्ष्णेय, पिंटू नेताजी, विकास वार्ष्णेय, उत्कर्ष वार्ष्णेय,हर्षित वार्ष्णेय,विनय वार्ष्णेय ,शिवकुमार लाला, नीरज वैश्य, श्याम मूर्ति वार्ष्णेय,विशाल वार्ष्णेय,अभिषेक वार्ष्णेय,अंश वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।












