छोटी बहन से हुई कहासुनी, मां की डांट से चली गई घर से पोस्टमार्टम गृह पर की परिजनों ने नीरज के रूप में शिनाख्त

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बंजारा दौलतपुर के निकट बुधवार को बम्बे में मिले अज्ञात युवती के शव की गुरुवार को पहचान हो गई है। मृतका की शिनाख्त 18 वर्षीय नीरज निवासी गांव लिहा आलमपुर थाना सिकंदराराऊ के रूप में हुई । परिजनों ने शव की शिनाख्त पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर की। युवती की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया।
बतादे कि बुधवार की दोपहर 1 बजे करीब गांव नगला बंजारा दौलतपुर के समीप कुछ बच्चे बंबे में नहा रहे थे। तभी पानी में बच्चों को एक युवती का शव तैराता हुआ मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से मृतका के शव की शिनाख्त कराई । किंतु उसकी कोई मौके पर शिनाख्त न हो सकी । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुट गई। गुरुवार को युवती की पहचान 18 वर्षीय नीरज पुत्री पुत्री तीक्ष्णपाल निवासी गांव लिहा आलमपुर थाना सिकंदराराऊ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नीरज 23 जून की दोपहर से घर से लापता थी और उसकी तलाश की जा रही थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। नीरज के ताऊ अजय पाल ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को घर में किसी बात को लेकर नीरज की अपनी छोटी बहन से कहासुनी हो गई थी । इस पर माँ ने नीरज को डांटा था। जिसके बाद वह अचानक घर से चली गई थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। युवती की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा।












