सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित गांव फरीदाबाद चुंगी के निकट सड़क पार कर रहे व्यक्ति को एक तेज रफ्तार बाइक ने रौंद दिया। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति के पुत्र ने कोतवाली में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नगला जलाल निवासी विनय कुमार पुत्र बलवीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 16 जून की शाम 7.30 बजे करीब उसके पिता फरीदाबाद वाली चुंगी पर सड़क पार कर रहे थे । तभी तेज गति से आ रही बाइक के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उसके पिता में टक्कर मार दी । हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई । उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। जहां उनका उपचार जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस बाइक चालक की तलाश में जुट गई है।












