दो बाइकों की हुई भिंडत ,एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर,रेफर गांव बढ़ानू के समीप हुआ हादसा


सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव बढ़ानू के निकट सोमवार को दो बाइकों की आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक 35 वर्षीय युवक को मृत घोषित कर दिया ,जबकि दूसरे युवक को अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव रायपुर निवासी 35 वर्षीय जय सिंह पुत्र प्रेमपाल सोमवार को अपने साथी सुरेश पुत्र साहब सिंह निवासी गांव आरिफपुर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे । जैसे ही बाइक सवार गांव बढ़ानू के समीप पहुंचे तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक से सवार जयसिंह और सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। आनन फानन में दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा जयसिंह को मृत घोषित कर दिया ,जबकि सुरेश को हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी । सूचना मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक लहर दौड़ गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया । युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment