जिलाधिकारी ने मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

मेडिकल ऑफिसर व चिकित्सक मिले अनुपस्थित: कार्यवाही के निर्देश


हाथरस। आज थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान का औचक निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थलीय निरीक्षण कर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के समय ड्यूटी पर तैनात मेडिकल ऑफिसर अनुपस्थित मिले तथा इसके अलावा निरीक्षण के दौरान डॉ. विनीत सक्सेना भी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में मेडिकल ऑफिसर की उपस्थिति अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।


निरीक्षण के दौरान अस्पताल में संचालित ओपीडी सेवाएं व्यवस्थित रूप से संचालित होती पाई गईं। चिकित्सक मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान करते हुए मिले। इसके अतिरिक्त अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता भी सुनिश्चित पाई गई।
जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए मरीजों एवं तीमारदारों के लिए उपलब्ध कराई गई पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुविधाएं संतोषजनक पाईं। अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था में सुधार पर भी संतोष व्यक्त किया गया।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करने के निर्देश दिए।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment