
हाथरस। केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तथा शासन की मंशा के अनुरूप विकास खण्ड सिकन्द्राराऊ की ग्राम पंचायत मुबारिकपुर कपसिया में विगत दिनांक को विधायक सिकन्द्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा आमजन को योजनाओं के लाभों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार की नीतियों एवं योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा एवं श्रमिक वर्ग के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

विधायक ने बताया कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र सिकन्द्राराऊ में विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, धार्मिक स्थलों के विकास तथा मंदिरों के सौंदर्यीकरण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि सिकन्द्राराऊ में बस स्टैंड निर्माण के लिए शासन द्वारा धनराशि स्वीकृत कर दी गई है, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पोषण डलिया वितरित कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनके त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा उपलब्ध कराए गए एलईडी प्रचार वाहन का संचालन किया गया तथा ग्रामीणों को प्रचार साहित्य का वितरण किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी , खण्ड विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।












