
हाथरस। श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, पंजीकरण, नवीनीकरण, लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु श्रम बन्धु एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (रोजगार विनियमन एवं सेवा शर्त) अधिनियम, 1996 के अन्तर्गत गठित जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए तथा जिन श्रमिकों का पंजीकरण समाप्त हो चुका है, उनका नवीनीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे वे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कारखानों, फैक्ट्रियों में संचालकों से समन्वय स्थापित कर श्रमिकों के पंजीकरण हेतु कैम्प लगाने के निर्देश दिए। पंजीकरण का मुख्य उद्देश्य है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की कोई घटना होती है तो श्रमिक/परिवारीजनों को जीवकोपार्जन हेतु लाभ दिया जा सके। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है और श्रमिकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का पंजीकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही करें।
बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यों की प्रगति आख्या प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान प्राप्त बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित थे।












