योग एवं रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियानों में सहभागिता हेतु उ.प्र.ग्रामीण बैंक की प्रेरणादायी पहल

हाथरस।सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण की भावना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 14 जून को दो महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, सेवा भावना एवं मानवता के संदेश को और अधिक सशक्त बनाना है।
प्रथम कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक विशेष योग शिविर का आयोजन रामेश्वर धाम बगीची नवग्रह मंदिर के पीछे में किया जाएगा। योग शिविर का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम जनमानस को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा के प्रति जागरूक करना है। बैंक द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
इसी क्रम में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “इंसानियत की एक बूंद खून दो, जानें बचाओ।” सेवा एवं परोपकार की भावना को समर्पित है। रक्तदान शिविर में इच्छुक अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक सहभागिता कर सकते हैं। बैंक द्वारा लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में सहयोग देने का आह्वान किया गया है।
क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा समस्त शाखा प्रबंधकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया गया है कि वे दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने परिवारजनों एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग एवं रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी अभियानों से जुड़ने हेतु प्रेरित करें।उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का मानना है कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है तथा रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण। सामूहिक सहभागिता से समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता, सकारात्मकता एवं मानवता का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से प्रसारित होगा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment