
हाथरस। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जनपद में बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष जागरूकता अभियान के क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा व मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित वातावरण प्राप्त करने का अधिकार है तथा बाल श्रम से मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाल श्रम निषेध संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा लोगों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे किसी भी बच्चे से श्रम न कराएं तथा बाल श्रम से संबंधित जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें। अभियान का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। उन्होंने बाल श्रम उन्मूलन के लिए शासन द्वारा संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।












