सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज कुमार के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
गुरूवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. पंकज कुमार ने उपस्थित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ दिलाई। डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और कर्तव्य प्रदान करता है। स्वास्थ्य सेवा से जुड़े होने के नाते हमारा परम दायित्व है कि हम बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाएं और अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें। इस मौके पर समस्त स्टाफ ने संविधान के आदर्शों पर चलने और मरीजों की निस्वार्थ भाव से सेवा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, आशा कार्यकर्ता व अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।











