15 दिन पूर्व अलीगढ़ में हुई थी दुर्घटना:युवक का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला शाहबुद्दीनगंज निवासी एक 24 वर्षीय युवक 15 दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। बीती रात्रि को उपचार के दौरान उसकी अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम पसर गया।
बताया जाता है कि मोहल्ला शाहबुद्दीनगंज निवासी हबीब का 24 वर्षीय पुत्र फैजान 15 दिन पूर्व बाइक पर सवार होकर अलीगढ़ गया था। इस दौरान अलीगढ़ में उसकी बाइक में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां रविवार की देर रात्रि को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक फैजान की शादी तीन माह पूर्व हुई थी। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को परिजनों ने मृतक के शव को गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया।












