दिव्यांगजनों को वितरित किए गए 352 सहायक उपकरण: आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़े कदम

हाथरस। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तत्वावधान में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन विधायक सदर/महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति श्रीमती अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता एवं विधायक सिकन्द्राराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल तथा मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को 140 हस्तचालित ट्राईसाइकिल, 21 व्हीलचेयर, 38 कान की मशीन, 2 ब्लाइंड स्टिक, 128 बैसाखी, 23 एमआर किट तथा 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी और उनकी कार्यक्षमता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने और दैनिक कार्यों में आने वाली कठिनाइयों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विधायक सिकन्द्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि दिव्यांगजनों को सहयोग प्रदान करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा तथा राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम, सरल और खुशहाल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की ओर से बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, शौचालय संबंधी सहायक सुविधाओं तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एमआर किट सहित विभिन्न प्रकार के उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने, उनके जीवन को सुगम करने और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों की दिव्यांगता के प्रकार और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को आसान बनाने, उनकी जीवनशैली में सुधार लाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से सहायक उपकरणों का वितरण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एमआर किट विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा एवं अध्ययन संबंधी गतिविधियों में सहायक होगी।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में सर्वे कराकर दिसंबर में लगभग 400 लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए गए थे। इसी क्रम में इस वर्ष जून में भी लगभग 400 लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने की इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का बुके भेंटकर और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला स्पोर्ट्स अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment