8 दिन पूर्व मजदूरी करने को आया था:मंडी समिति के निकट हुआ हादसा
सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट मंगलवार की शाम को सड़क पार कर रहे एक बिहारी श्रमिक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया । आनन फानन में घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतक के मित्र ने कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

श्रवण कुमार पुत्र राजेंद्र यादव निवासी मोलवी थाना बहेरी जिला दरबंगा बिहार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका मित्र बममाझी जी निवासी बंडुली थाना बहेरी जिला दरबंगा बिहार 8 दिन पूर्व मजदूरी करने को कृषि उत्पादन मंडी समिति में आया था। मंगलवार की शाम 7:30 बजे करीब वह सड़क पार कर मंडी आ रहा था। तभी एटा की ओर से तेज गति से आ रहे वाहन के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन को चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे में बममाझी जी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। श्रमिक की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया ।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।












