हसायन के युवक का सोनीपत में एक नलकूप के निकट पेड़ पर लटका मिला शव:परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सिकंदराराऊ। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव खिटौली निवासी एक 25 वर्षीय युवक का शव सोनीपत के हसन कलां गांव में एक किसान के नलकूप के पास नीम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला । युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया।
बताया जाता है कि गांव खिटौली निवासी प्रेमपाल सिंह का 25 वर्षीय आकाश कुमार कुशवाहा सोनीपत के हसन कलां में एक किसान के यहां नलकूप पर धान की फसल की सिंचाई का काम करता था। आकाश करीब दो माह पहले मजदूरी के लिए सोनीपत गया था। आकाश ने 22 जुलाई को अपनी मां मालती देवी को फोन कर बताया था कि गांव खिटौली के एक व्यक्ति का दामाद और रिश्तेदार उसे गाली-गलौज कर मारपीट कर रहे हैं और उसे गांव वापस नहीं आने दे रहे हैं। मां से बातचीत के दो दिन बाद, 24 जुलाई की सुबह छह बजे परिवार को सोनीपत से आकाश के शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मृतक के पिता प्रेमपाल सिंह और ताऊ के पुत्र जितेंद्र कुमार समेत अन्य परिजन सोनीपत के हसन कलां के लिए रवाना हो गए। मृतक के ताऊ के पुत्र जितेंद्र ने बताया कि उनके घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही सोनीपत सदर कोतवाली पुलिस शव को नीम के पेड़ से उतार चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। आकाश का शव गांव खिटौली स्थित घर पहुंचते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।आकाश कुमार कुशवाहा अविवाहित था और अपने पिता प्रेमपाल सिंह कुशवाहा के नौ बच्चों (चार बहनें और पांच भाई) में दूसरे नंबर का था। प्रेमपाल सिंह गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। करीब 14 माह पूर्व आकाश के चौथे नंबर के भाई मिथुन की बीमारी से मौत हो चुकी थी। परिजनों ने मृतक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक आकाश के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment