
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के मौहल्ला विद्यापति नगर मुरसान गेट पर आज एक युवक द्वारा अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने से भारी सनसनी फैल गई। युवक को उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
बताते हैं कोतवाली सदर क्षेत्र के मौहल्ला विद्यापति नगर मुरसान गेट निवासी 32 वर्षीय सोनू शर्मा की शादी करीब आठ माह पहले शिल्पी से हुई थी। सोनू शर्मा कोमल कांप्लेक्स स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर काम करता था, जबकि उसकी पत्नी भी एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर कार्यरत थी।बताते हैं रोजाना की तरह घटना वाले दिन भी सोनू और उसकी पत्नी दोनों अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए थे।लेकिन इसके बाद सोनू घर लौट आया और अपनी मां को शहर के मौहल्ला खातीखाना स्थित ननिहाल में छोड़कर वापस घर चला आया और जब वह दुकान नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी को इसकी जानकारी हुई, तो उसने सोनू को फोन किया।
बताते हैं सोनू के फोन नहीं उठाने पर उसने अन्य लोगों को सूचना दी,जिस पर उन्होंने सोनू को कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। परिजनों ने सोनू को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सोनू की पत्नी शिल्पी ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके पति का मौहल्ला खातीखाना निवासी एक व्यक्ति पर लगभग एक लाख रुपये का कर्ज था।उक्त व्यक्ति कमेटी का संचालन भी करता है। शिल्पी के अनुसार, उसके पति के बार-बार तगादा करने के बावजूद वह व्यक्ति कर्ज चुकता नहीं कर रहा था, जिसके कारण उसके पति तनाव में थे। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।












