
हाथरस। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची 30 जून तक तैयार किए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों की स्थायी पात्रता सूची निर्धारित समयावधि में तैयार की जानी है। इस कार्य के लिए ग्राम सभाओं की बैठकों का रोस्टर 10 जून से 24 जून तक जारी किया गया है तथा 30 जून तक समस्त कार्य पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य की समस्त कार्यवाही पंजिका में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की आपत्ति अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपादित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास प्लस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य ऐसे नए एवं छूटे हुए पात्र परिवारों की पहचान करना है, जिन्हें अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ प्राप्त नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी दशा में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए ग्राम स्तर पर व्यापक सत्यापन एवं सावधानीपूर्वक सर्वेक्षण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वेक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ पात्रता के सभी मानकों का पालन किया जाए, ताकि वास्तविक एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके तथा कोई भी पात्र परिवार सूची से छूटने न पाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, एलडीएम, विभिन्न विकास खण्डों के ब्लॉक प्रमुख तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।












