हार ढूंढकर लाने वाले पुलिसकर्मियों को एसपी ने किया सम्मानित

हाथरस पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा महिला का खोया हुआ 3 लाख रुपये मूल्य का हार खोजकर लौटाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
कोतवाली सदर क्षेत्रान्तर्गत गत 24 मई को कमला बाजार में कुल्फी खाने आई महिला माधुरी गर्ग पत्नी नवल किशोर गर्ग निवासी पुराना बर्फखाना का लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार भीड़भाड़ के बीच अचानक कहीं गिर गया। उक्त सूचना प्राप्त होने पर कोतवाली सदर पर तैनात प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ खोजबीन प्रारम्भ की। दोनों पुलिसकर्मियों द्वारा आसपास के दुकानदारों एवं लोगों से जानकारी जुटाई गई तथा पूरे क्षेत्र में लगातार प्रयास किए गए। अथक मेहनत एवं सजगता के फलस्वरूप महिला का बहुमूल्य सोने का हार सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया।
आवश्यक सत्यापन उपरांत पुलिस टीम द्वारा महिला का कीमती हार सकुशल वापस किया गया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा आज दोनों पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय एवं जनहितकारी कार्य की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।यह सराहनीय कार्य आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment