वृंदावन से लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको कार में वाहन ने मारी टक्कर हादसे में कार सवार आधा दर्जन श्रद्धालु हुए घायल तीन श्रद्धालुओं को किया अलीगढ़ रेफर


सिकंदराराऊ। वृंदावन से भंडारा कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक ईको कार में बीती रात एटा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार आधा दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तीन श्रद्धालुओं को अलीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
बताया जाता है कि सोमवार की रात्रि को जनपद बदायूं के थाना दातागंज क्षेत्र के सरदालागंज निवासी श्रद्धालु वृंदावन से भंडारा कर ईको कार में सवार होकर लौट रहे थे। सड़क निर्माण कार्य और स्पष्ट संकेतकों के अभाव में चालक अमित कुमार सिंह कार को पंत चौराहे से एटा रोड की ओर लेकर निकल गए । रात्रि 11:30 बजे करीब जब वह एटा रोड स्थित मंडी समिति के पास वाहन को वापस पंत चौराहे की ओर मोड़ रहे थे, तभी एटा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घायल श्रद्धालुओं में चीख पुकार मचने लगी। घटना में कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार श्रद्धालु रीता देवी, सुमित सिंह, अनामिका, अमित कुमार सिंह (चालक) , कुमारी निशा, पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना पाकर कोतवाल शिवकुमार शर्मा, एसडीम धर्मेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राकेश शर्मा मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में पुलिस ने जाम को खुलवाया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment