उपचार के दौरान युवक की मौत, मृतक के परिजनों ने अस्पताल में किया जमकर हंगामा , मारपीट

सिकंदराराऊ। कस्बा के नयागंज बाजार में स्थित अनल हॉस्पिटल में रविवार की रात्रि 8 बजे करीब उस समय हंगामा हो गया । जब उपचार के दौरान एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई । युवक की मौत के बाद उसके परिजन तथा समर्थकों ने अस्पताल पर हंगामा खड़ा कर दिया तथा मारपीट कर डाली। मामला तूल पकड़ता इससे पहले मौके पर एसडीएम ,सीओ , कोतवाल भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए तथा अप्रिय स्थिति को टाल दिया ।
बताया जाता है कि कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी निवासी छोटे पुत्र साबिर उम्र 27 वर्ष अनल हॉस्पिटल में इलाज के लिए शनिवार को आया तथा दवा लेकर के घर चला गया । रविवार की सुबह उसकी तबीयत फिर खराब हुई तथा वह अस्पताल पहुंच गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ ले जाने को कहा ,लेकिन उसने कहा कि यहीं पर इलाज करो। रविवार की रात्रि 8 बजे करीब छोटे की इलाज के दौरान मौत हो गई । मौत की खबर मोहल्ले में पहुंच गई । मौत की सूचना पाकर मोहल्ले के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए तथा अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। अस्पताल संचालक डॉक्टर मिथिलेश वार्ष्णेय का कहना है कि मृतक के फेफड़े काफी कमजोर थे।इसका भरपूर इलाज किया गया । उसके परिजनों से अलीगढ़ ले जाने को भी कहा ,लेकिन वे लोग यहीं पर इलाज कराते रहे। अस्पताल में हंगामे की सूचना पाकर एसडीम संजय कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक एवं कोतवाल शिवकुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए तथा स्थिति को नियंत्रण में किया। इस दौरान नयागंज बाजार के कुछ युवकों को भी पीटकर घायल कर दिया गया । कोतवाल शिवकुमार शर्मा का कहना है कि यदि मृतक के परिजन चाहेंगे तो मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम करा दिया जाएगा । जो युवक घायल हुए हैं उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया जाएगा।












