सहपऊ हरियाणा के गुरुग्राम में थाना क्षेत्र के गांव चमरपुरा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में भारी कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने युवक के साथ काम कराने वाले ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया है और कार्यवाही की मांग की है। मृतक का शव आने पर गांव में भारी भीड़ लग गई।
बताया जाता है थाना क्षेत्र के गांव चमरपुरा निवासी करीब 23 वर्षीय युवक साहिल पुत्र इमामुद्दीन गुरुग्राम में मजदूरी करता था। वह गुरुग्राम के थाना बादशाहपुर क्षेत्र में एक ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था। कल शुक्रवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
वहीं घटना को लेकर मृतक के परिजनों का आरोप है कि साहिल के साथ ठेकेदार और उसके साथियों ने मारपीट की थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि साहिल कुछ समय से गुरुग्राम में काम कर रहा था। घटना से पहले उसने फोन पर परिवार से बातचीत भी की थी। अचानक उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार सदमे में है। घटना को लेकर थाना बादशाहपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पायेगा।











