सिकंदराराऊ । ई रिक्शा में बैठकर क्षेत्र के गांव नगला विजन जा रही एक महिला के बैग से गत 29 अप्रैल को स्वर्ण आभूषण तथा नगदी को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया था। रविवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी के मुख्य आरोपी को जेवरात तथा नगदी के साथ कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। वारदात में लिप्त आरोपी के ममेरे भाई तथा पत्नी की तलाश कोतवाली पुलिस कर रही है ।
पुलिस के अनुसार सुनीता पत्नी बिजेंदर निवासी जनपद फिरोजाबाद के गांव गढ़ी धर्मी 29 अप्रैल को अपनी बेटी के साथ गांव कोतवाली के नगला विजन जा रही थी । पंत चौराहे से महिला ई-रिक्शा में बैठकर के गांव नगला विजन के लिए चली । जैसे ही ई रिक्शा हाथरस रोड नहर के पास पहुंचा ,तभी बाइक पर सवार होकर दो युवक तथा एक महिला आए तथा हाथ देकर ई रिक्शा को रोक लिया। बाइक से उतर कर युवक महिला ई रिक्शा में बैठ गए । महिला ने गांव पहुंचने से पहले सुनीता को बातों में लगा कर बैग से तीन सोने के पेंडल एक अंगूठी तथा 16000 रुपए नगद पार कर दिए। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में अज्ञातों के खिलाफ दर्ज कर दी थी। रविवार की सुबह कस्बा चौकी प्रभारी दरोगा रामनरेश को सूचना मिली कि वारदात करने वाला हाथरस रोड नहर के आसपास खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने ओमप्रकाश पुत्र राजपाल सिंह निवासी गांव हिनोना थाना अवागढ़ जिला एटा के बैग की तलाशी ली तो उसमें से सुनीता के बैग से गायब जेवर तथा नगदी मिल गई। सुनीता ने अपने जेवरों की शिनाख्त कर ली । पकड़े गए ओम प्रकाश ने बताया कि वह अपने ममेरे भाई राहुल तथा पत्नी विमला देवी के साथ तकरीबन 3 साल से इस धंधे में लिप्त था । इस बार पकड़ा गया । कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा उसके ममेरे भाई राहुल व पत्नी विमला देवी की तेजी से तलाश जारी है।












