शादी समारोह से लौट रहे कार सवार परिवार को पीटकर किया घायल

सिकंदराराऊ । शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे कार सवार एक परिवार को कस्बा के पंत चौराहे एक नामजद ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पीड़ित आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद मथुरा के थाना राया क्षेत्र के गांव थोक कमल, सोनई निवासी बृजेश कुमार पुत्र बच्चू सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 27 अप्रैल को अपने बेटे अमित की बारात लेकर क्षेत्र के गांव इकबालपुर स्थित इंद्रवती फार्महाउस पहुंचे थे। अमित का विवाह गांव इकबालपुर निवासी राजेंद्र सिंह की पुत्री किरण से तय था। रात करीब 11:30 बजे डीजे बजाने को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी हो गई थी। मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था। जिसके बाद शादी की रस्में पूरी हुईं और बारात विदा हो गई। आरोप है कि बारात से लौटते समय बृजेश कुमार के भाई अखिलेश कुमार, उनके बेटे आलोक कुमार और पत्नी ललतेश देवी कार से थोक कमल सोनई लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार पंत चौराहे के पास पहुंची । तभी मोहनपुरा निवासी मनोज कुमार विमल ने अपने 8-10 साथियों के साथ उनकी गाड़ी को घेर लिया।इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में अखिलेश कुमार, आलोक कुमार , ललतेश देवी,अभिषेक कुमार पुत्र सुभाष चंद्र निवासी नरौली थाना हाइवे जिला मथुरा घायल हो गए । आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment